पड़ताल: लॉकडाउन के बावजूद क्या मुस्लिमों ने दिल्ली में खुले में इकट्ठा होकर नमाज़ पढ़ी?– The Lallantop


दावा

सड़क किनारे नमाज़ पढ़ते लोगों की भीड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो के साथ ये दावा किया जा रहा है कि ये भीड़ दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में कोरोना लॉकडाउन के दौरान जुटी थी. पटपड़गंज, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का विधानसभा क्षेत्र भी है.

14 मई, 2020 को फ़ेसबुक पेज राहुल गुप्ता यूथ ब्रिगेड ने वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

यह हालात दिल्ली के पटपड़गंज के रोड पर जो मस्जिद बनी हुई है उस पर सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है और अरविंद केजरीवाल बोल रहे हैं कि आप हमें सुझाव दो हमें क्या करना चाहिए शर्म आनी चाहिए केजरीवाल को…

यह हालात दिल्ली के पटपड़गंज के रोड पर जो मस्जिद बनी हुई है उस पर सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है और अरविंद केजरीवाल बोल रहे हैं कि आप हमें सुझाव दो हमें क्या करना चाहिए शर्म आनी चाहिए केजरीवाल को…

Posted by Rahul Gupta Youth Brigade on Wednesday, 13 May 2020

ये वीडियो ट्विटर पर सेम दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.

(आर्काइव लिंक)

पड़ताल

‘दी लल्लनटॉप’ ने वायरल वीडियो और साथ में किए जा रहे दावे की पड़ताल की. हमारी पड़ताल में ये दावा भ्रामक निकला.

सबसे पहले हमने वीडियो को ध्यान से देखा और सुना. वीडियो में 00:14 मिनट के मार्क पर सुनाई देता है, ‘आज 20 तारीख़ को.. ये देखिए, इसको क्यों नहीं रोका जा रहा है?’ वीडियो रिकॉर्ड करने वाला व्यक्ति आगे के हिस्से में बताता है कि ये पटपड़गंज दरगाह रोड का सीन है.

इस क्लू के आधार पर हमने कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया, तो हमें सबसे पुराना वीडियो 21 मार्च, 2020 का मिला. फ़ेसबुक यूजर अमित गुप्ता ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था,

जब मक्का तक बंद हो चुका है, ये लोग समस्या को समझने के लिए तैयार क्यों नहीं हैं? क्या वो सबको और सबकुछ तबाह कर देना चाहते हैं, प्लीज समझिए और भीड़ में जमा होने से बचिए.. ये धर्म नहीं, बल्कि अपनी जान बचाने का समय है. वो ज़िंदगी, जो हमें हमारे ईश्वर ने दी है.

ये वीडियो फ़ेसबुक पर 21 मार्च को अपलोड किया गया था.
ये वीडियो फ़ेसबुक पर 21 मार्च को अपलोड किया गया था.

(आर्काइव लिंक)

21 मार्च को ही फ़ेसबुक यूजर अर्जुन के. सिंह ने भी ये वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया था.

हज यात्रा बंद है

मक्का मदीना खाली है

ईरान-इराक में नमाज बंद है

दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन हो रहा है

क्योंकि इनके आका जानते हैं कि:

उनसे निपटने के लिए कानून नहीं है

जो कानून हैं वे घटिया और कमजोर हैं

पुलिस-जुडिशियल रिफार्म होना नहीं है

Posted by Arjun Kr. Singh on Friday, 20 March 2020

10 मई, 2020 को ट्विटर यूज़र रोहित मान ने ऐसा ही दावा किया था. इसके जवाब में पूर्वी दिल्ली के डीसीपी ने ऑफ़िशियल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर इस वीडियो को पुराना और भ्रामक बताया. ये रहा ट्वीट (आर्काइव लिंक),

हमें वीडियो के असली सोर्स का पता नहीं चल पाया, लेकिन इतना ज़रूर स्पष्ट है कि ये दिल्ली में लॉकडाउन लागू होने से पहले का वीडियो है.

हमने दिल्ली सरकार की ऑफ़िशियल वेबसाइट पर चेक किया. हमें 22 मार्च, 2020 का एक नोटिस मिला. इस नोटिस में 23 मार्च की सुबह 6 बजे से 31 मार्च की मध्यरात्रि तक लॉकडाउन की घोषणा की गई थी. इस दौरान सिर्फ़ आवश्यक सेवाएं चलनी थीं. इसी नोटिस के पहले पन्ने पर लिखा है, ‘किसी भी धार्मिक स्थल में किसी तरह का आयोजन बंद रहेगा.’ यानी, लोगों के धार्मिक स्थलों पर इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी. ये दिल्ली सरकार का आदेश है. आप इसमें विस्तार से देख सकते हैं-

दिल्ली में COVID-19 के खतरे को लेकर पहली बैठक 3 मार्च, 2020 को हुई थी. इसके कुछ दिनों के बाद दिल्ली में पाबंदियां लगनी शुरू हो गई थीं. लोगों से बार-बार सावधानी बरतने को कहा जा रहा था. भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने के लिए कहा जा रहा था. जहां तक ऑफ़िशियल ऑर्डर की बात है, वो 22 मार्च को जारी किया गया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 22 मार्च को ‘जनता कर्फ़्यू’ का आयोजन किया गया था. 24 मार्च को रात 8 बजे राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में पीएम ने देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की थी.

अभी लॉकडाउन 3.0 चल रहा है. 17 मई को तीसरा फ़ेज खत्म होने के बाद लॉकडाउन में कितनी ढील मिले, इसको लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने 12 मई को सुझाव मांगे थे.

(आर्काइव लिंक)

नतीजा

कोरोना लॉकडाउन के दौरान दिल्ली के पटपड़गंज में नमाज़ पढ़ने का वीडियो लॉकडाउन लागू होने से पहले का है. पटपड़गंज में नमाज़ पढ़ने का ये वीडियो 21 मार्च को फ़ेसबुक पर अपलोड हुआ था. दिल्ली पुलिस ने भी वीडियो को लेकर किए जा रहे वायरल दावे को झूठा और भ्रामक बताया. दिल्ली सरकार के ऑफ़िशियल ऑर्डर के मुताबिक़, 23 मार्च की सुबह 6 बजे से लॉकडाउन लगाया गया था.

अगर आपको भी किसी ख़बर पर शक है
तो हमें मेल करें- padtaalmail@gmail.com पर.
हम दावे की पड़ताल करेंगे और आप तक सच पहुंचाएंगे.

कोरोना वायरस से जुड़ी हर बड़ी वायरल जानकारी की पड़ताल हम कर रहे हैं.
इस लिंक पर क्लिक करके जानिए वायरल दावों की सच्चाई.





Source link– The Lallantop

Image courtesy



via WordPress https://ift.tt/2z6CnBn

Comments

Popular posts from this blog

Fact Check: पीएनबी की गाज़ियाबाद ब्रांच के कर्मचारिओं के कोरोना संक्रमित होने के बारे में वायरल किया जा रहा पोस्ट भ्रामक-Vishvas News

N-95 मास्क से सांस रुकने और बेहोश होने के दावे का सच जानिए । Sacchai Ka Sensex